Thursday, July 3, 2025

अंगकोर वाट मंदिर की शिल्प कला में राम कथा

 

Meta Description: The ancient Angkor Wat Temple in Cambodia is a beacon for Hinduism. Its bas reliefs based on Ramayana are popular. So it the Cambodian version of Ramayana.

 

 

अंगकोर वाट मंदिर की शिल्प कला में राम कथा

 

माना जाता है कि विष्णु भगवान को समर्पित अंगकोर वाट का प्राचीन मंदिर विश्व की सबसे बडी धार्मिक इमारत है। अचरज की बात है कि यह मंदिर भारत में नहीं बल्कि 4000 किलोमीटर दूर कम्बोडिया में स्थित है।

 

कम्बोडिया में हिंदु धर्म का इतिहास

 

अंगकोर वाट के परिचय से पहले वहाँ के इतिहास की संक्षिप्त जानकारी आवश्यक है। यह विवरण आर सी मजुमदार की पुस्तक एन्शन्ट इन्डिया से लिया है। प्राचीन काल से भारत के दक्षिण राज्यों का व्यापार चीन तक फैला हुआ था। इस क्षेत्र में सुवर्णद्वीप (मलेशिया), चम्पा (विएटनाम), कम्बुज (कम्बोडिया), और ब्रह्मदेश (बर्मा) शामिल थे। व्यापार सम्भालने हेतु इन क्षेत्रों में भारतीय बसे थे। कम्बोडिया में, तीसरी शताब्दी ईस्वी में कौण्डिण्य नामक ब्राहमण ने एक स्थानीय रानी से विवाह कर अपना वंश आरम्भ किया। अपने राज्य में हिन्दु धर्म की स्थापना की। सातवीं शताब्दी ईस्वी में इसी वंश के जयवर्मण ने कम्बुज को संपूर्ण क्षेत्र में सबसे शक्तिशाली सम्राज्य बना दिया। 1150 ईस्वी में सूर्यवर्मण ने अंगकोर वाट की स्थापना की।

 

 


 

अंगकोर वाट शब्द संस्कृत भाषा की व्युत्पत्ति है जिसका अर्थ नगर का घेरा है। मंदिर का रेखा चित्र कम्बोडिया के राष्ट्र ध्वज पर विराजमान है और यह दर्शाता है कि अंगकोर वाट का वर्तमान कम्बोडिया के लिए कितना महत्व है। हर वर्ष 70 लाख से अधिक पर्य़टक कम्बोडिया आते हैं और सभी अंगकोर वाट का लाभ उठाते हैं। इससे हिंदु धर्म की ख्याति विश्वभर में फैल रही है।

 

अंगकोर वाट शिल्प में राम कथा

 

अंगकोर वाट मंदिर में वास्तुकला की अनेक विशेषताएँ हैं परन्तु यहाँ हम रामायण पर आधारित शिल्प सामग्री की बात करेंगे। मैंने पहले भी कहा है कि राम कथा सिर्फ कागज़ पर नहीं बल्कि पत्थरों पर भी लिखी गई है। चौकटे आकार की इमारत की परिधि पर एक बाहरी गलियारा है। गलियारे की हर भुजा की दीवार पर नक्रकाशी द्वारा हिंदु इतिहासों और पुराणों की कथाएँ अंकित हैं। एक गलियारे में राम और रावण के युद्ध का बारीक चित्रन है। नक्रकाशी आरंभ से ही कम उभरी (बॅस रिलीफ) रही है। शताब्दियों के प्राकृतिक विनाश ने उसे और धुँधला कर दिया है। फिर भी चित्रन साफ़ समझ आता है। बाएँ से दाएँ आधे गलियारे तक प्रभु राम की वानर सेना आक्रमन कर रही है और दूसरी तरफ़ से राक्षस प्रतिकार कर रहे हैं। दोनो सेनाओं के चित्रन भिन्न हैं। एक तरफ़ श्रीराम बज्रंगबली के काँधों पर विराजमान तीर चला रहे हैं तो दूसरी ओर दशानन अपने रथ पर आसीन प्रहार कर रहा है।  तीन सतहों में रावण के सरों का चित्रन सामान्य विधि से अलग है।

 

 

 



 

 

 

मंदिर के कोनों और खाँचों में राम कथा के अन्य दृश्य दीवारों पर अंकित हैं। वानर राज वाली की मृत्यु की झाँकी बहुत भावुक है। वाली के पार्थीव शरीर को गोद में लिए सुग्रीव बैठा है। कुछ वानर हाथ जोडे हैं, कुछ नत मस्तक हैँ और कुछ छाती पीट रहे हैं। पार्श्व में वन के वृक्षों को अत्यन्त बारीकी से रचा गया है।

 

 

 


 

 

 

राम कथा नाट्य मंचों पर भी रची गई है। अगले ब्लोग में कम्बोडिया की रामायण पर आधारित नृत्य की झलक देखेंगे।

Monday, June 23, 2025

नरेंद्र कोहली की अहल्या

 

Meta Description: Narendra Kohli Ahalya is different from Valmiki Ramayana and Ramacharita Manas. This retelling of Ahalya’s curse and redemption sends a strong social message.


नरेंद्र कोहली की अहल्या



इन्सान भले राम कथा का पीछा छोड़ दे लेकिन राम कथा उसका पीछा कभी नहीं छोड़ती ।  डेढ़ वर्ष पहले मैंने प्रण लिया था कि मैं नियमित रूप से विविध राम कथाओं पर मेरे विचार प्रस्तुत करूँगा । परंतु जीवन की आपाधापी में यह सिलसिला छूट गया । 



हाल ही में कुछ घटनाएँ घटी जिन्होंने इस तोड़े हुए प्रण को मेरे सम्मुख खड़ा कर दिया । कम्बोडिया की यात्रा दौरान अंगकोर वॉट के प्राचीन मंदिर की दीवारों पर राम कथा अंकित देखी । उसी देश की स्थानीय रामायण का नाटकीय झलक देखा । लौटने पर नरेंद्र कोहली जी का उपन्यास अहल्या पढ़ा । और कुछ लिखने को दिल मचलने लगा । 



यह विवरण अहल्या पर आधारित है । मैंने पहले महर्षि वाल्मिकी के और गोस्वामी तुलसीदासजी के अहल्या प्रसंगों की तुलना की थी । वाल्मीकि रामायण में ऋषि गौतम अहल्या को अदृश्य होने का श्राप देते हैं । राजकुमार राम आश्रम में प्रवेश कर उन्हें श्राप मुक्त करते हैं और उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेते हैं । तुलसी रामायण में ऋषि अहल्या को पाषाण ग्रस्त कर देते हैं । प्रभु श्रीराम उन्हें स्पर्श कर पुनः चेतना प्रदान करते हैं और फिर भक्त अहल्या प्रभु के चरणों में नतमस्तक हो जाती हैं ।



नरेंद्र कोहली इन दोनों प्रसंगों को अत्यंत सुंदरता के साथ मिश्रित करते हैं । परंतु इस से पहले एक बात आवश्यक है । इस उपन्यास में ऋषि गौतम अहल्या को श्राप नहीं देते हैं । अपनी अर्द्धांगिनी को पवित्र और निर्दोष मानकर उसका पूरा साथ देते हैं । जब सारे ऋषिगण अहल्या को दूषित ठहरा कर आश्रम त्याग देते हैं तब भी गौतम उसके साथ दृढ़ खड़े रहते हैं । हालाँकि प्राचीन रामायणों में ऐसा नहीं होता है, परन्तु आज के कथा की यही माँग है - आज के समाज के लिए यही सीख आवश्यक है । पर कथाक्रम को तो बढ़ना है। अहल्या अपने पुत्र के भविष्य का वास्ता दे कर गौतम को मजबूर करती है कि वे उसे और आश्रम को त्यागें ।



नरेंद्र कोहली जी की अहल्या अदृश्य नहीं होती । वह आश्रम के बाहर नहीं जाती और कोई आश्रम के भीतर नहीं आता । पच्चीस वर्षों तक किसी ने उसे नहीं देखा इसलिए वह अदृश्य सी जीवित रही। यह अहल्या पत्थर में भी परिवर्तित नहीं हुई । धीरे-धीरे उसकी चेतना जड़ होती गई और अनुभव करने की शक्ति हीन होने लगी । वह घंटों स्थिर होकर शून्य में ताकती रहती । पाषाण हुए बिना पाषाण सी बन गई ।



महर्षि विश्वामित्र के साथ राम आश्रम में आए और गुरु माता के चरणों को छूकर प्रणाम किया । इस स्पर्श से अहल्या में चेतना जागृत हुई । आकार धुंधले से दिखने लगे । उन्होंने ऋषिवर को पहचान कर नमन किया । विश्वामित्र ने राम से परिचय करवाया और कहा - “राम ने तुम्हें स्वीकारा है और अब तुम बहिष्कृत नहीं रही । तुम्हारा उद्धार हो गया है । तुम अपने पति और पुत्र के साथ रह सकती हो ।”



अहल्या विभोर हो गई । कुछ कह न सकी, सिर्फ़ नयनों से नीर बहाती रही । उसने हाथ जोड़ नतमस्तक हो राम के प्रति अपना आभार प्रकट किया ।



मैंने हर चौराहे पर एक अहल्या को देखा है और हर अहल्या की कथा अनोखी है ।मैं ऐसी कई अहल्याओं से आपका परिचय करवाता रहूँगा ।

 


Friday, April 5, 2024

लंकिनी का रहस्य

 लंकिनी का प्रसंग हर मुख्य राम कथा में सुंदरकांड में मिलता है। संक्षिप्त में व्याख्यान कुछ ऐसा है। लंकिनी लंका की प्रहरी है और बजरंगबली को प्रवेश करने से रोकती है। हाथापाई के पश्चात लंकिनी परास्त होती है और हनुमान लंका में घुस जाते हैं।

वाल्मीकि और कम्ब की रामायण में लंकिनी की पृष्ठभूमि स्पष्ट है। वह ब्रह्मलोक की कुशल प्रहरी थी जिस कारण उसने बहुत मान कमाया था। सफलता उसके सर पर चढ़ गई और वह घमण्ड में चूर चूर हो गई। ब्रह्माजी ने उसे दण्डित किया और लंका की चौकीदारी के लिए भेज दिया। जब लंकिनी एक वानर से हार जाएगी तब लंका के अंत का आरंभ होगा और लंकिनी की सजा समाप्त होगी।

रामचरितमानस में लंकिनी का अतीत अस्पष्ट और रहस्यमय भी है। तुलसीदासजी लिखते हैं -

जब रावनहि ब्रम्ह बर दीन्हा।

चलत बिरंचि कहा मोहि चीन्हा।।

बिकल होसि तैं कपि कें मारे।

तब जानेसु निसिचर संघारे।।

रहस्य यह है कि तुलसीदासजी किस वरदान की बात कर रहे थे। सर्व ज्ञात वरदान है कि रावण का मानव के सिवाय कोई जीव वध नहीं कर सकता। परंतु इस समय लंकिनी उपस्थित नहीं थी। रामचरितमानस में इस वरदान का स्पष्टिकरन नहीं मिलता। टीका टिप्पणियों में अटकलें लगाई गई हैं और मैं दो विकल्प प्रस्तुत करता हूँ। मुझे इनके कोई पौराणिक उल्लेख नहीं मिले। यदि कोई पाठक सहायता करे तो आभारी रहूँगा।

अपने सौतेले भाई कुबेर की लंका हड़पने के लिए रावण को ब्रह्माजी से वरदान प्राप्त हुआ था। तब प्रहरी लंकिनी कुबेर की सेवा में थी। उसने ब्रह्माजी से कहा कि वह रावण के लिए काम करना नही चाहती पर परमपिता विवश थे। उन्होंने लंकिनी को मुक्ती का संकेत अवश्य सुझा दिया।

दूसरा प्रसंग अधिक दुर्लभ पर न्यायसंगत है। एक बार जब रावण ब्रह्मलोक आया तब लंकिनी ने उसे द्वार पर ही रोक दिया। रावण ने जताया कि वह त्रिलोक विजेता है और ब्रह्माजी का पड़पोता है पर उसकी एक न चली। ब्रह्माजी की अनुमति के पश्चात ही लंकिनी ने दशानन को प्रवेश करने दिया। रावण लंकिनी की निष्ठा और साहस से प्रभावित हुआ और उसने प्रजापति से लंकिनी माँग ली। आगे की कथा तो पहले जैसी है।

रामायण से जुड़ी कई लोक कथाएँ मौखिक रुप से प्रचलित हैं और अब शोल मीडिया द्वारा सामने आ रही हैं।


Saturday, March 30, 2024

उत्तररामचरित

 किसी साहित्य रसिक को राम कथा में तब रोमांच होता है जब आख्यान में कुछ अनोखापन मिले, जन प्रचलित कथाक्रम से परे। कल्पना की छोटी बडी उड़ानो का मौलिक प्रसंगों से मिश्रण नये दृष्टिकोण और सीख उत्पन्न करता है। भवभूति की उत्तररामचरित ऐसी ही एक रचना है। 

भवभूति आठवीं शताब्दी के विद्वान थे जो कन्नौज के राजा यशोवर्मन की सेवा में थे। उनका नाट्य कौशल कालिदास समान माना जाता है।भवभूति की सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति उत्तररामचरित है। आरंभ का कथाक्रम कुछ ऐसा है। लंका से लौटने के उपरांत राम का राजतिलक हो चुका है। फिर सीता का बनवास होता है और शम्बूक का वध।

तीसरे अंक में भवभूति की कल्पना प्रफुल्लित होती है और संवेदनशीलता की पराकाष्टा भी दर्शाती है। वियोग की पीड़ा से प्रताड़ित राम का मार्मिक वर्णन किया है। 

"राम के दृढ सयम के कारण उनके अंतःकरण का विकट संताप चहरे पर प्रकट नहीं था, पर मन ही मन किसी उबलते हुए तरल पदार्थ की तरह उमड़ रहा था।"

इस तपन को शान्त करने हेतु राम पंचवटी पहुँचते हैं जहाँ अपनी अर्धांगिनी संग सुखद वर्ष बिताए थे। संयोगवश सीता भी वहीं थी। अपने पति की व्यथा देख वह करुणामय हो जाती है।

"हाय! मेरे स्वामी कितने क्षीण और कांतिहीन हो गए हैं जैसे भोर के चंद्रमा।  सिर्फ अपनी गरिमा की स्थिरता और सौम्यपन के कारण पहचाने जा रहे हैं।"

राम को सीता की उपस्थिती का अहसास तो होता है पर॔तु सीता उनके सम्मुख नहीं आती। सिर्फ पछतावे के भाव से कहती है -

"मेरे स्वामी भी वही हैं, यह पंचवटी भी वही है, यह वही आरण्य है जो हमारी प्रणय क्रीड़ा का साक्षी था, और मैं भी वही हूँ। परंतु मुझ अभागिन के लिए इन सब का कोई अस्तित्व नहीं है। मेरे जीवन का कालचक्र कहाँ पहुंच गया है।"

अंत में बिना मिले राम और सीता अपने अपने स्थान लौट जाते हैं। इस ना मिलने का भवभूति कोई विश्वसनीय कारण नहीं देते हैं। शायद सीता नहीं चाहती थी की विवश होकर राम इस नाजुक पल में अपने निर्णय से पथभ्रष्ट हो जाएँ। या भवभूति मूल कथा के आख्यान का सम्मान रखना चाहते थे। कल्पना की भी सीमा होनी चाहिए।

Monday, March 25, 2024

सीताजी का शक्ति स्वरूप

 

शक्ति आज की राजनीतिक चर्चा में गर्माई है। जब से राहुल गान्धी ने शक्ति शब्द का अभद्र प्रयोग किया भाजपा पलटवार में जुट गई हे। सोशल मीडिया पर हमारी दैवी शक्तियों की सूचियां प्रचलित हैं और साथ में उनके अधुरी शत्रु। पर इन सूचियों में एक नाम नहीं दीखता और वह है सीताजी का।

सीताजी नें कभी शस्त्र नहीं धारन किए थे - ना ऋषि वाल्मीकि की कथा में और ना ही गोस्वामी तुलसीदास की कथा में। परंतु सीताजी थीं शक्ति का स्वरूप। अद्भुत रामायण महर्षि वाल्मीकि की एक अन्य रचना है जो उतनी ही प्राचीन मानी जाती है। कथा का प्रथम भाग सामान्य राम कहानी है। सीताजी के अद्भुत शक्ति स्वरूप का वर्णन रचना के पूर्व भाग में है।

ग्रंथ के सप्तदश सर्ग का प्रसंग है। राम के राजतिलक पश्चात सीताजी  ने मंद परिहास भाव से दरबार में कहा कि लंका के रावण का वध कोई पराक्रम नही था। उसका बड़ा भाई, सहस्त्रवदन रावण, ब्रह्माण्ड में पुष्कर द्वीप से राज्य करता है और वह लंका के रावण से दस गुना बलवान और क्रूर है। वीर कहलाने योग्य वह होगा जो सहस्त्रवदन रावण का वध करेगा।

राजा राम ने चुनौती स्वीकारी और सेना, मंत्री और सीताजी सहित पुष्पक विमान पर सवार वे पुष्कर द्वीप पहुँचे। घमासान युद्ध हुआ। अंततः द्वंद युद्ध में सहस्त्रवदन रावण ने राम को मूर्छित कर दिया।

तब सीताजी ने अपना सौम्य रूप त्याग कर दिव्य विकराल आकृति धारन की। शांतिकाल में जो सिय माता थीं संकट में भद्रकाली स्वरूपा बन गई। अद्भुत रामायण में उनके अंग अंग का भयानक विस्तृत वर्णन है। त्रयोविंश सर्ग के श्लोक का अनुवाद है:

"दीर्घ जंघा वाली, महाशब्द वाली, मुण्ड माला के आभूषणों से विभूषित, हड्डियों की छोटी-छोटी घंटियों से सजी हुई, भयावना, भयंकर वेग तथा पराक्रम वाली ।।9।।"

राम घोर संघर्ष के बाद भी इस रावण को परास्त न कर सके थे। परंतु शक्ति स्वरूपा सीताजी विमान से उतरी और क्षण भर में रावण के सौ शीष अपने खङ्ग से काट दिये। उनके मस्तिष्क से सहस्र मातृका उत्पन्न हुई और सबने राक्षस सेना में हाहाकार मचा दिया। 

शक्ति अक्सर शांत रहती है, पर आवश्यकतानुसार वह विकराल रूप धारण कर लेती है। उसे चुनौती देना मूर्खता है।



Monday, March 4, 2024

मैया, मैं तो चंद खिलौना लैहों

हाँ, यह सूरदासजी का पद है जिसमें बालकृष्ण लीला का वर्णन है, फिर भी इस राम कथा की श्रृंखला में सार्थक है। जब अपने छोटे बच्चों को पहली बार पूर्णिमा का चाँद दिखाते हैं तब अक्सर कहते हैं कि आसमान में गेंद या गुब्बारा देखो। और बालक चंद्रमा से खेलने का हठ कर बैठता है। यह एक सामान्य और स्वाभाविक अनुभव है।

कन्नड के प्रसिद्ध लेखक कुवेम्पु ने श्री रामायण दर्शनम नामक राम कथा पर महाकाव्य रचा है। इस कृति को 1967 में भारतीय ज्ञानपीठ पुरस्कार से सुशोभित किया गया है। काव्य में एक सुंदर प्रसंग है जब रामलला पूनम के चाँद को हाथों में पकड़ने का हठ कर लेते हैं।

पहले कौशल्या माँ समझाती है कि चाँद धरती पर नहीं आ सकता। फिर हीरों से जड़े अन्य खिलौनों का प्रलोभन देती हैं, पर लला पर कोई असर नहीं होता। अंत में डाँट फटकार भी असफ़ल रहती है। महाराज दशरथ पुत्र को गोद में लेते हैं पर चुप नहीं करा पाते। अब कैकयी माँ की बारी आती है। वे एक छोटा आइना राम के हाथ में पकड़ाती हैं और सहजता से उसमें चंद्रमा का प्रतिबिंब दिखाती है। राम लला आनंदित हो खिलखिलाने लगते हैं। कैकयी और राम का यह निकट बंधन कई प्रश्न उठाता है, पर इस विषय पर चर्चा कभी और करेंगे।

सूरदासजी के भजन में यशोदा माँ ने अलग, पर उतनी ही रोचक, युक्ति अपनाई। उन्होंने कहा -

"आगैं आउ, बात सुनि मेरी, बलदेवहिं न जनैहों

हँसि समुझावति, कहति जसोमति, नई दुलहिया दैहों।"

और कान्हा ने चाँद पाने का जिद छोड़कर विवाह के लिए तुरंत हामी भर दी।

कवियों द्वारा मानवीय अनुभूतियों को राम कथा में पिरोना, कथा में आत्मीयता प्रदान करता है। जब हमारे इष्ट को हमारे जैसे प्रस्तुत पाते हैं तब आनन्द कई गुना बढ़ जाता है।


Sunday, March 3, 2024

श्रीराम के पदचिह्न पर

 हाल ही में मैंने एक अत्यंत दिलचस्प पुस्तक पढ़ी थी जिसका अंग्रेजी में शीर्षक था "इन द फुटस्टेप्स ऑफ राम"। विक्रांत पाण्डे और नीलेश कुलकर्णी उन सब स्थानों पर रहे जहाँ श्रीराम अपने बनवास काल में पदचिह्न छोड़ गए थे। रामकथा से प्रेरित वहाँ की लोक मान्यताओं का और स्मारकों का पुस्तक में रोचक विवरण मिलता है।

चित्रकूट के पास एक गुफा है जहाँ सीता माँ नित्य श्रृंगार करती थीं ऐसा वहाँ के निवासियों का विश्वास है। पंचवटी में आप मारीच की समाधी के दर्शन कर सकते हैं। श्रीलंका में वह चट्टान मौजूद है जहाँ से पाताल लोक में अही रावण के राज्य का मार्ग बताया जाता है। हर राम कथा प्रेमी का मन ललचायेगा कि वह इस यात्रा का आनंद उठाए।

परंतु राम कथाओं में कुछ ऐसी यात्राओं के वर्णन मिलते है जो पूर्ण रूप से काल्पनिक हैं - जिनके घटने की कोई संभावना नहीं हैं। बलरामदासजी की उड़िया भाषा में रचित जगमोहन रामायण का एक प्रसंग मनभावन है। चित्रकूट की ओर प्रस्थान से पूर्व, श्रीराम सीता माँ और लक्ष्मण भैया जगन्नाथ प्रभू के दर्शन हेतु श्रीक्षेत्र पधारते हैं। बलरामदासजी की अत्यंत सौम्य और मार्मिक प्रस्तुति है। ईश्वर के तीन स्वरूप, दो मर्द एक मादा, कर बद्ध और नत मस्तक आशिर्वाद माँग रहे हैं और उसी ईश्वर के तीन अन्य स्वरूप, दो मर्द एक मादा, हाथ उठाए आशिष दे रहे हैं। पंक्तियों का हिंदी अनुवाद कुछ इस तरह है।

जगन्नाथ के समक्ष खडे राम

साथ हैं लखन और बलराम

सीता करे सुभद्रा को प्रणाम

इस काल्पनिक प्रसंग को बलरामदासजी ने अपनी कृति में किस मनसा से सम्मिलित किया? कथा का एक उद्देश्य यह भी है कि वह जन समुदाय को ईश्वर से जीड़े। आज के ओड़िशा प्रदेश में प्रभु राम का पदार्पण हुआ ही नही था। इसलिए वहाँ के निवासी राम कथा से उस कदर आत्मीय नही थे जितने अयोध्या या चित्रकूट या पंचवटी या किष्किधा के लोग। कदाचित इस अभाव पूर्ति के लिए ही कवि ने इस घटना की कल्पना की थी। ताकि ओड़िशा वासी कह सकें "राम हमारे हैं - राम हमारे घर पधारे थे।"





श्रीराम, सीताजी, और केवट

  Meta Description: Kevat refusing Sita's ring is in most Ramayanas and explains concepts of dharma. This blog covers Ramcharitmanas, 10...