Wednesday, November 18, 2026

श्रीराम, सीताजी, और केवट

 

Meta Description: Kevat refusing Sita's ring is in most Ramayanas and explains concepts of dharma. This blog covers Ramcharitmanas, 108 Manaka, and Saket by Maithilisharan Gupt.

 

श्रीराम, सीताजी, और केवट

 

 

 

 

प्रभु श्रीराम इसलिए मर्यादा पुरुषोत्तम नहीं कहलाए क्योंकि उन्होंने रावण का वध कर संसार को अत्याचार से मुक्त किया था। वे मर्यादा पुरुषोत्तम इसलिए कहलाए क्योंकि उनका आचरण सदैव धर्म परायण रहा था। सामने छोटा हो या बड़ा, श्रीराम ने नैतिकता कभी नहीं त्यागी। रामायण में कई प्रसंग हैं जिनमें सभी पात्र अपने-अपने ढंग से अपना-अपना धर्म निभाते हैं। इसलिए रामायण धर्म शास्त्र की पाठ्य पुस्तक मानी जाती है।

 

आज हम रामचरितमानस से एक ऐसे ही प्रसंग का विश्लेषण करेंगे जिसमें श्रीराम, सीताजी, और केवट भूमिका निभाते हैं।

 

श्रीराम का धर्म

 

केवट उतरि दंडवत कीन्हा । प्रभुहि सकुच एहि नहिं कछु दीन्हा ॥

 

उस समय की प्रथा थी कि नाविक की सेवाएँ लेने के पश्चात उसे अपने सामर्थ्य के अनुसार उतराई दी जाए ताकि नाविक का जीवन निर्वाह हो और जन साधारन को उसकी सेवाओं का लाभ मिलता रहे। आज यह प्रथा राजमार्गों के पथकर (टोल टैक्स) के समान सी है। मंत्री और उनके संत्री भी इस कर से अपने आप को मुक्त कर लेते हैं। रामचरितमानस में तुलसीदासजी ने लिखा है - ब्रह्मांड निकाया निर्मित माया रोम रोम प्रति बेद कहै। तब तो आकाश गंगा भी श्रीराम की, यह सूर्यमंडल भी उनका, पृथ्वी भी उनकी, गंगाजी भी उनकी, नाव भी उनकी, और केवट भी उनका। वे तो विशिष्ट से विशिष्ट मंत्री से भी सर्वोच्च हैं। उन्हें उतराई देने की क्या आवश्यकता आन पड़ी। फिर भी उनके मन में ग्लानि है कि उन्होंने सेवा का उपयोग किया परंतु उतराई देने का साधन नहीं है। संकोच और अधिक है क्योंकि वे राजकुमार हैं, चाहे निर्वासित ही सही।

 

ऐसी पात्रता का अभाव और अपने को समतल से जुड़ा रखना ही मर्यादा पुरुषोत्तम की निशानी है।

 

सीताजी का धर्म

 

पिय हिय की सिय जाननिहारी । मनि मुदरी मन मुदित उतारी ॥

 

प्रायः सभी पत्नियाँ अपने पतियों के मन में क्या चल रहा है उसका अनुमान लगा सकती हैं। यह कोई महान बात नहीं है। इस अनकही मंशा की पूर्ति करना अगला कदम है। अपने प्रभु को संकुचित देख सीताजी ने भाँप लिया कि समस्या क्या है और अपनी अंगूठी तुरंत उनके हाथ में पकड़ा दी। सीताजी ने यह किसी लोकलाज के दबाव में आकर नहीं किया। ना वे बेमन अपना दायित्व निभा रही थी। इस पद के सबसे महत्वपूर्ण शब्द मन मुदित हैं।

सेवा निष्काम और प्रसन्नचित्त होनी चाहिए।

 

केवट का धर्म

 

कहेउ कृपाल लेहि उतराई । केवट चरन गहे अकुलाई ॥
नाथ आजु मैं काह न पावा । मिटे दोष दुख दारिद दावा ॥

 

भगवान केवट को उतराई देते हैं पर निशादराज रामजी के चरण पकड़ अंगूठी नहीं लेता है। प्रभु राम की सेवा कर वह भवसागर तर गया था। जिसको जनम जनम की पूंजी मिल जाए, जिसके जन्म जन्मांतर की दरिद्रता मिट जाए वह इस जन्म की चिंता क्यों करेगा।

 

जीवन का लक्ष्य परलोक सुधारना ही है।

 

केवट प्रसंग की अन्य प्रस्तुतियाँ

 

अनेक रामकथाओं में केवट का प्रसंग अत्यंत भावुकता से रचा गया है। यह संदर्भ ही विभोर करने वाला है।

 

 

रामायण मनका 108

 

 

 

रामायण मनका 108 में केवट उतराई इनकार करने के पश्चात कहता है –

 

तुम आए हम घाट उतारे

हम आएँगे घाट तुम्हारे

तब तुम पार लगइयो राम

 

समय आने पर भवसागर पार करवाने की प्रतिग्या लेकर ही केवट संतुष्ट हो जाता है, उसे मुंदरी का कोई लोभ नहीं है।

 

साकेत

 

 

श्री मैथिलीशरण गुप्त के अमर काव्य में सीताजी केवट को मुंदरी तो देती है, मगर मिलन-स्मृति क्षुद्रिका के रूप में। निशादराज उनके देवर समान थे, इसलिए उतराई देना शायद उचित नहीं समझा होगा। केवट नें सोने की अंगूठी के बदले प्रभु के चरण रज चाही। उसने कहा –

 

जड़ भी चेतन मूर्ति हुई पाकर जिसे,

उसे छोड़ पाषाण भला भावे किसे


Monday, October 6, 2025

महर्षि वाल्मीकि का योगवासिष्ठ

महर्षि वाल्मीकि का योगवासिष्ठ


 Meta Description: Yoga Vasishtha is one of the four Itihaases of Hindu culture. Written by Valmiki, it is the knowledge of Yoga imparted by Vasishtha to Rama. Read an overview.

 

 

 

सभी जानते हैं कि महर्षि वाल्मीकि आदि काव्य रामायण के रचयिता हैं। परंतु यह जानकारी दर्लभ है कि उन्होंने हमारे एक और इतिहास कि रचना की है – योगवासिष्ठ। अन्य दो इतिहास – महाभारत और हरिवंश – के लेखक महर्षि वेदव्यास हैं। आगामी अश्विन पूर्णिमा हम महर्षि वाल्मीकि की जयंती मनाएँगे। इस पावन अवसर पर हम योगवासिष्ठ से क्यों न अवगत होएँ। पर पहले एक अन्य बात का स्पष्टीकरण आवश्यक है।

  

इतिहास और हिस्टरी

हमें बताया गया है कि इतिहास अँग्रेजी शब्द हिस्टरी का हिंदी अनुवाद है। परंतु यह सत्य नहीं है। दोनो अवधारणाओं में मौलिक अंतर है। हिस्टरी केवल विगत घटनाओं का अभिलेख है। इतिहास उन घटनाओं पर आधारित उपदेश है जो हमारे भविष्य को साकार बना सकता है। इस हेतु घटित प्रसंगों को कथा के रूप में ढाला जाता है। कलहण ने अपनी रचना राजतरंगिणी में लिखा हैः

धर्मार्थ काम मोक्षाणाम उपदेशं समन्वितम्।

पूर्ववृत्तं कथायुक्तं इतिहासं प्रचक्षते।।

 

हमारे चारों इतिहासों को, विशेष कर योगवासिष्ठ को, हमें इस दृष्टिकोण से समझना होगा।

 

योगवासिष्ठ की भूमिका

योगवासिष्ठ रामवतार युग की रचना है। रचनाकार महर्षि वाल्मीकि हैं, परंतु शीर्षक में नाम वसिष्ठ मुनि का है। ग्रंथ का प्रसंग है कि कुलगुरू वसिष्ठ दशरथ पुत्र राम को योग का ज्ञान प्रदान कर कहे हैं। विषय अत्यंत आध्यात्मिक व दार्शनिक है। इसके सिद्धांत अनुसार एकमात्र चेतन तत्व परब्रह्म है। संसार में जो निर्मित-नष्ट होता दीखता है, वह ब्रह्म रूपी सागर पर उठती-गिरती क्षणिक लहरों समान है। इस माया को तरने के लिये अहंकार का नाश होना आवश्यक है।

 

नाना प्रकार की पीड़ाओं से छुटकारा पाने के लिए, और अंत में मोक्ष प्राप्ति के लिए, गुरू वसिष्ठ रामजी को अनेक योग साधनाएँ समझाते हैं। योगवासिष्ठ में स्थान स्थान पर भक्ति और सदाचार का भी महत्व बताया गया है। प्रवचन के अलावा, संवाद और कथा का भी ग्रंथ में प्रतिपादन किया गया है। अतःएव योगवासिष्ठ पूर्ण रूप से इतिहास प्रमाणित होता है।       

 

योगवासिष्ठ की संरचना

योगवासिष्ठ अन्य कई नामों से प्रचलित है, जिनमें महारामायण, वसिष्ठ रामायण, और ज्ञान वसिष्ठ प्रमुख हैं। ग्रंथ छह प्रकरणों में विभाजित है, जो अध्यात्मिक जागरन के अलग अलग पढ़ाव और पहलू पर प्रकाश डालते हैं।

 

·       वैराग्य

·       मुमुक्षु व्यवहार

·       उत्पत्ति

·       स्थिति

·       उपशम

·       निर्वाण

 

योगवासिष्ठ से दो कथाएँ

भए प्रकट कृपाला का लक्ष्य पाठकों को राम कथा के इतिहास से अवगत कराना है। इसलिए मैंने योगवासिष्ठ से दो प्रसंग चुने हैं और उनपर चर्चा करूँगा।

लीला की कथा 

यह प्रसंग उत्पत्ति प्रकरण से है। राजा पद्म के देहांत पश्चात, उनकी पत्नी रानी लीला शोक में डूब जाती है। तब भगवती सरस्वती उन्हें दर्शन देती है और जीवन के मायावी होने का ज्ञान देती है। अपनी सिद्धी द्वारा सरस्वती लीला को उनके विगत जन्मों से अवगत कराती है। वह समझाती है कि जन्मों की श्रंखला सपनों की श्रंखला समान होती है। नींद से उठने के बाद हम सपनो की घटनाओं को महत्व नहीं देते। जब हम जन्मों की श्रंखला से उभर जाएँगे और मोक्ष प्राप्त कर लेंगे तब उनमें घटित प्रसंग सपनों से प्रतीत होंगे। इसलिए जीवन में उल्लास और शोक दोनों व्यर्थ हैं। हमें भवसागर तरने पर ही ध्यान धरना चाहिए।

 

अहल्या और इंद्र

 यह कथा गौतम पत्नी अहल्या और देवराज इंद्र की नहीं है, परंतु उससे कुछ मेल खाती है। अहल्या मगध की रानी थी और इंद्र एक संदेहजनक चरित्र का ब्राह्मन पुत्र। ऐतिहासिक कथा से प्रभावित होकर इंद्र के प्रति अहल्या की अभिलाषा जागृत हो जाती है। वह इंद्र के साथ एक गूढ व्यभिचारिक रिश्ता स्थापित कर लेती है।

 

अंततः राजा को अपने पत्नी के विश्वासघात की सूचना मिल जाती है। वे दोनों प्रेमियों को कठोर से कठोर दंड देते हैं पर उनका मनोबल नहीं तोड़ पाते। राजगुरु समझाते हैं कि शरीर का अंत करने से इस रिश्ते का अंत नहीं होगा क्योंकि रिश्ते की उत्पत्ती मन से हुई है। ज्ञान योग के माध्यम से अहल्या को समझाना होगा कि उसका अहल्या होना माया है और उसे मोक्ष के प्रति आकर्षित करना होगा।

 

यह कथा प्रतीकात्मक है। अहल्या वासनओं में डूबा मन है। इंद्र उस वासना का नामरूप है। इस मन और नामरूप के मायावी संबंध को ज्ञानयोग से खंडित करना है।  

Sunday, July 13, 2025

कम्बोडिया की रामायण रीमकर के अनेक रूप

 

Meta Description: Reamker is the Cambodian adaptation of the Hindu epic Ramayana. The narrative is the same, but the characters Rama, Sita, and Lakshman have Cambodian names.

 

 

कम्बोडिया की रामायण रीमकर के अनेक रूप

 

भारत की हर मुख्य भाषा में अपनी रामकथा है। पर इससे भी बढकर, दक्षिण पूर्व एशिया के हर देश की अपनी रामायण है, जो अभी भी पढी, सुनी और देखी जाती है। इन देशों में विश्वभर से आए पर्यटक, मंच पर रामलीला के नृत्य और मंदिरों में राम कथा की मूर्तियाँ का आनंद उठाते हैं और लौटकर इस भारतीय संस्कृती का प्रचार अपने देशों में करते हैं।

 

कम्बोडिया की रामायण रीमकर

 

 

 

आज मैं आपको कम्बोडिया की रामायण से परिचित करवाऊंगा। इस महाकाव्य का नाम रीमकर है, जिसका अर्थ राम की महिमा है। यह आदि काव्य वाल्मीकि रामायण पर आधारित है और इसे कम्बोडिया के राष्ट्रीय काव्य का दर्जा प्राप्त है। हिन्दु धर्म कम्बोडिया कैसे आया   इसका विवरण मैंने पहले किया है। हिन्दु धर्म के साथ साथ रामायण और महाभारत भी कम्बोडिया को विरासत में मिली।

 

रीमकर का इतिहास

 

रीमकर का सर्वप्रथम उल्लेख सातवीं शताब्दी के एक शिलालेख में पाया जाता है। परन्तु रीमकर की सबसे प्राचीन उपलब्ध प्रति 16वी शताब्दी की है। रीमकर वाल्मीकि रामायण का अनुवाद नहीं बल्कि अनुकूलन है। कथा सार वही है – अच्छाई और बुराई का संघर्ष और अंत में अच्छाई की विजय। परन्तु रीमकर में कुछ प्रसंग जोडे गए हैं जो किसी भी भारतीय रामकथा में नहीं हैं। इनमें से मैं कुछ का उल्लेख करूँगा, पर पहले एक स्पष्टीकरण आवश्यक है। हनुमान के सिवाय रीमकर में सभी मुख्य पात्रों के नाम भारतीय रामायण से भिन्न हैं।

 

  • ·       श्रीराम – प्रीह रीम
  • ·       सीता – नेआंग सेडा
  • ·       लक्ष्मण – प्रीह लीक
  • ·       रावण – क्रोंग रीप

 

हनुमान और सुवन्नामच्छ

 

रीमकर में जो अनोखे प्रसंग हैं उनमें से सुवन्नामच्छ का सबसे रोचक है। सागर पर सेतु निर्माण का काम जारी था। पर थोडा सेतु बनते ही टूट रहा था। हनुमान देखते हैं कि जलपरियों का एक समूह पुल गिरा रहा है। हनुमान जलपरियों की रानी सुवन्नामच्छ से मिलते हैं और इस हरकत का कारन पूछते हैं। सुवन्नामच्छ लंकाराज की पुत्री है। अपने पिता के आदेश पर वह सेतु निर्माण में बाधा डाल रही है ताकि वानर सेना लंका नहीं पहुँचे। जब हनुमान उसे नेआंग सेडा के अपहरण और प्रीह रीम के शोक की करुण गाथा सुनाते हैं, सुवन्नामच्छ द्रवित हो उठती है और फिर सेतु निर्माण के कार्य में कोई रुकावट नहीं डालती।

 

कथा यहाँ समाप्त नहीं होती है। हनुमान और सुवन्नामच्छ एक दूसरे से प्यार करने लगते हैं और जलपरियों की रानी एक पुत्र मच्छानु को जन्म देती है। मच्छानु के अंग का ऊपरी भाग वानर का है और निचला भाग मत्स्य का है। रीमकर में आगे मैयराब रीम और लीक को बंदी बनाकर पाताल ले जाता है और हनुमान उन्हें बचाने जाते हैं। वहाँ हनुमान और मच्छानु के बीच घमासान युद्ध होता है, जो अनिर्णायक सिद्ध होता है। कहानी को संक्षिप्त रखते हुए इस बात का खुलासा होता है कि ये दोनों पिता पुत्र हैँ। अंत में मच्छानु अपने पिता की गुप्त रूप से सहायता करता है। इस प्रसंग का दूसरा भाग भारतीय रामायणों में मकरध्वज के विवरण से मेल खाता है।        

 

शिल्प और नृत्य में रीमकर

 

कम्बोडिया में रीमकर सिर्फ पढने वाला ग्रंथ नहीं है। इसने मंदिरों में शिल्पकला और रंगमंच पर नृत्यकला को जन्म दिया है। सुवन्नामच्छ के प्रसंग का सजीव चित्रण फिमाई के मंदिर में प्रस्तुत है। अंगकोर वाट में रीमकर की कई झाँकियाँ लाखों पर्यटकों को हर वर्ष खींच लाती है। लाखोन शैली में रचा रीमकर का नृत्य प्रसिद्ध है। दिन में अंगकोर वाट का अन्वेषण करें और शाम में रीमकर नृत्य का आनन्द उठाएँ। अप्सरा थिएटर नामक संस्था के निर्मित नृत्य की कुछ झाँकियाँ नीचे दीखने मिलेंगी।

 

 

प्रीह रीम, प्रीह लीक, और हनुमान

 

 

नेआंग सेडा और क्रोंग रीप

श्रीराम, सीताजी, और केवट

  Meta Description: Kevat refusing Sita's ring is in most Ramayanas and explains concepts of dharma. This blog covers Ramcharitmanas, 10...